
काशीपुर। देहरादून में आयोजित नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मुक्केबाजों ने पंचों के दम पर नौ पदक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस दौरान 70 किग्रा में स्वर्ण पदक हासिल करने पर अस्तित्व थापा बेस्ट बॉक्सर अवार्ड से सम्मानित किए गए।
देहरादून में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक सीबीएसई नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन किया गया। इसमें भारतीय खेल प्राधिकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों के मुक्केबाजों ने प्रतिभाग किया। कोच सिकंदर पटेल ने बताया कि अपने पंचों के दम पर अंडर-14 में 42 किग्रा भार वर्ग में आरुष रावत ने कांस्य, 44 किग्रा में आयुष कुंदू ने कांस्य, 48 किग्रा में गौरव गड़िया ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 में 44 किग्रा भार वर्ग में अविरल गुप्ता ने कांस्य, 50 किग्रा में विशाल चंद ने रजत, 52 किग्रा में दक्ष जोशी ने स्वर्ण, 54 किग्रा में आरव भट्ट ने कांस्य, 66 किग्रा में ध्रुव बिष्ट ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी काशीपुर छावनी चिल्ड्रन एकेडमी की तरफ से खेले हैं। सभी खिलाड़ी कोच मुकेश बेलवाल, सिकंदर पटेल, वरुण शर्मा से साई में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वर्ण और रजत पदक प्राप्त खिलाड़ी 8 से 11 अक्तूबर तक हरियाणा में होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। इस उपलब्धि पर केंद्र प्रभारी सुरेंद्र भंडारी, कोच ओमप्रकाश सिंह, पवन शर्मा आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी।









