उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा : पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत, 20 घायल, रेस्क्यू अभियान जारी

खबर शेयर करें -

टिहरी। उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस गूलर बाजार के समीप अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि बस के गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। सुबह गूलर बाजार के समीप पहुंचने पर बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम परिस्थितियों और गहरी खाई के चलते बचाव दलों को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक यात्री ने ऋषिकेश एम्स पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या आठ हो गई है। एसएसपी श्वेता चौबे ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटनास्थल से चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि खाई में गिरे दो अन्य लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला गया है। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त जवानों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय के साथ खाई में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घटनास्थल पर पुलिस बल भी तैनात है। बचाव दलों का पूरा प्रयास है कि बस में सवार सभी यात्रियों का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

हादसे में घायल यात्रियों में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं। घायलों की सूची में मोहम्मद वहाब अंसारी (22) पुत्र उस्मान अंसारी, निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड, राहुल कुमार (24) पुत्र उपेंद्र कुमार, निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार, अभिषेक (28) पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी मोहल्ला नत्था सिंह, जसपुर, ऊधमसिंह नगर, प्रत्यूष (23) पुत्र सुभाष, निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।

इसके अलावा तीन वर्षीय आयरा पुत्री नूर जहां और नूर जहां (26) पत्नी विशाल, निवासी गुवाहाटी, असम, राजकुमार (32) पुत्र काली चरण, निवासी ग्राम उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड, जतिन (21) पुत्र जीतपाल, निवासी डीडीए क्वार्टर, जिला शाहदरा, दिल्ली, पंकज नेगी (31) पुत्र पूरण नेगी, निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग, संतोष कुमार (38) पुत्र नरेश प्रसाद, निवासी जहानाबाद, थाना घोषी, बिहार तथा वीरेंद्र सिंह (58) पुत्र मुरली सिंह, निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली के नाम भी घायलों में शामिल हैं।

बस हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। गहरी खाई और दुर्गम रास्ते के कारण बचाव दलों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर सर्च अभियान चला रही हैं। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता बस में सवार सभी यात्रियों का पता लगाने, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने की है।

सम्बंधित खबरें