सीएम के कालाढूंगी दौरे पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कुसुमखेड़ा चौराहे पर पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता, कई हिरासत में

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कुसुमखेड़ा चौराहे पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस की घेराबंदी के बीच कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार को भी दबाने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के दौरे पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कार्यकर्ताओं को भारी पुलिस बल लगाकर रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। एक ओर सरकार महिला सम्मान के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर अंकिता को न्याय दिलाने के सवाल पर जनता जवाब मांग रही है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मयंक गोस्वामी, हर्ष शर्मा, अक्षत पाठक, घनिष्ठ कुमार, भावेश कुरिया, यश सिंहाना, साहिल राज और सचिन राठौर सहित अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।



सम्बंधित खबरें