
हल्द्वानी। शहर के वार्ड संख्या 9 स्थित कलावती कॉलोनी में लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। विधायक निधि से ₹14.83 लाख की लागत से सीसी रोड एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को विधायक सुमित हृदयेश ने निर्माण कार्य का शिलान्यास कर विकास कार्यों को गति दी।
विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी माता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश की विकासवादी सोच और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इस कार्य की शुरुआत की। इस मौके पर वार्ड पार्षद राजेंद्र जीना सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विधायक ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हमेशा हल्द्वानी के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने कार्यों से शहर के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्हीं के विकास के संकल्प और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए वह हल्द्वानी के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
शिलान्यास कार्यक्रम में महेश सिंह, अखिलेश सिंह, मुन्नी जोशी, रमेश जोशी, रेणु जोशी, लक्ष्मण सिंह, गरिमा पांडे, चंपा पांडे, मीना बसेरा, कमलापति पांडे, प्रकाश पांडेय, विनोद दानी, नितिन भट्ट, सावित्री पांडे, हिमांशी पांडे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।











