
कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण, 200 विद्युत पोलों की स्थापना और विभिन्न मार्गों के निर्माण व चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा की गई। इससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को समान अवसर, अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। नारी सशक्त होगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी सशक्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए छह घोषणाएं करते हुए कहा कि क्षेत्र में 200 विद्युत पोल लगाए जाएंगे। ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण होगा। कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण होगा। इसके अलावा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिल सकेगा।
समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एशियाई मास्टर तैराकी की संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक और निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय तैराक मोनी रावत व भार्गवी रावत, राष्ट्रीय स्तर की एथलीट चंपा नैनवाल, कुश्ती खिलाड़ी गीतांजलि और डौली बिष्ट, खो-खो व एथलेटिक्स की हिना बिष्ट और नमिता तथा ताइक्वांडो खिलाड़ी भूमिका जयंतवाल शामिल रहीं।
इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, एंपण कला में मंजू रौतेला, सावित्री गर्जोला, कंचन भंडारी, शिवानी रावत, तनुजा खानायत, पूजा, रूपा और अन्य महिलाओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने तमाम समस्याओं को भी उठाया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।











