
नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में पर्यटन विभाग ने होटल और होम स्टे इकाइयों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान 26 होटल और होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। इनमें से 22 पंजीकृत इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि बिना पंजीकरण संचालित दो इकाइयों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
आयुक्त कुमाऊं मंडल और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कैंचीधाम क्षेत्र में यह अभियान चलाया। जांच के दौरान कई इकाइयों में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं मिली। कुछ जगह रेट लिस्ट ही नहीं थी, जबकि कई इकाइयों में पंजीकृत कमरों की संख्या से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा पर्यटन नियमावली में निर्धारित अन्य मानकों का भी उल्लंघन पाया गया।
विभाग की ओर से 22 पंजीकृत इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं बिना पंजीकरण संचालित पाई गई दो इकाइयों पर अर्थदंड के साथ तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। मानकों के अनुरूप संचालन नहीं मिलने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश उमेश दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, मारुति होम स्टे, बाबा बैंसन रिसोर्ट, होटल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन रेजेंसी को दिए गए हैं
वहीं हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरिराज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में होटल और होम स्टे इकाइयों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।











