
नैनीताल। कैंची धाम के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो शनिवार शाम भूमियाधार के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे के बीच खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले के ऊंचा समाना, मधुबन निवासी अभय कुमार पुत्र अरविंद अपने चार दोस्तों के साथ कैंची धाम के दर्शन के लिए आए थे। शनिवार शाम दर्शन के बाद सभी स्कॉर्पियो से हरियाणा लौट रहे थे। भूमियाधार के समीप पहुंचने पर मोड़ पर कोहरा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते स्कॉर्पियो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद वाहन में सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना होते देख सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के बावजूद रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।











