उत्तराखंड में 2200 से अधिक पदों पर सरकारी भर्ती का ऐलान, इसी महीने जारी होंगे विज्ञापन; जनवरी से शुरू होगी शारीरिक परीक्षा

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) इसी महीने समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, दरोगा, वन आरक्षी, अग्निशामक समेत कई विभागों के पद शामिल हैं। आयोग ने भर्ती का पूरा कैलेंडर जारी कर दिया है। वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू कराने की तैयारी है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार, वर्दीधारी पदों पर करीब 1694 रिक्तियों के लिए भर्ती विज्ञापन मंगलवार को जारी कर दिया गया है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के पद शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी और आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक अभिसूचना, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के करीब 250 पदों के लिए 25 नवंबर को विज्ञापन जारी किया जाएगा। वहीं, मानचित्रकार और प्रारूपकार के करीब 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 30 नवंबर को जारी होगा। इसी दिन स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि नवंबर महीने में कुल मिलाकर करीब 2200 समूह-ग पदों पर भर्ती के विज्ञापन जारी किए जाएंगे। वर्दीधारी पदों के लिए जनवरी के पहले सप्ताह से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू कराने की योजना है।

उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए आयोग 23 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित करेगा। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा शॉट पुट, ऊंची कूद और लंबी कूद की परीक्षा भी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को पहले से पर्याप्त अभ्यास करने की सलाह दी है।

इस परीक्षा के प्रवेश पत्र मंगलवार को आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा दो दिन चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षण केंद्र पहुंचना होगा। बायोमीट्रिक उपस्थिति के बाद अभ्यर्थियों की माप-जोख और दौड़ की प्रक्रिया होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर बार कोड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर 9520991174 और 9520991172 पर संपर्क किया जा सकता है।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के तहत वैयक्तिक सहायक और सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए टंकण परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित होगी। इसके प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर को होगी।

दूसरी ओर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग छह दिसंबर को प्रवक्ता-कला की परीक्षा आयोजित करेगा। इसके प्रवेश पत्र 19 नवंबर को जारी किए जाएंगे। लगातार घोषित हो रही भर्ती परीक्षाओं और नई रिक्तियों से प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

सम्बंधित खबरें