
हरिद्वार। हरिद्वार के रुड़की-लक्सर मार्ग पर थीथौला के पास रविवार दर शाम कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि चार बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। ई-रिक्शा में कुल 13 लोग सवार थे।
कोतवाली रुड़की क्षेत्र के मिलाप नगर ढंडेरा निवासी दिलशाद के रिश्तेदार के यहां लक्सर में शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिलशाद पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रविवार को ई-रिक्शा से लक्सर जा रहा था। थीथौला के पास सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दिलशाद (32) पुत्र आयुब और उसके सात वर्षीय बेटे उमर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरशद (30) पुत्र रईस अहमद ने रुड़की अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया गया कि अरशद मृतक दिलशाद का रिश्ते का भाई था। हादसे में खातिजा (30) पत्नी दिलशाद, नाजमा पत्नी अरशद, आयत (9), अरम (6), अनस (3) और अमायरा (3) समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।








