बारिश में दो मकानों पर गिरा पेड़, पुलिस ने लोगों को सुरक्षित निकाला : चोरगलिया के लाखनमंडी में हादसा, दो लोग घायल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र में रविवार को हुई भारी बारिश के बीच लाखनमंडी में आम का पेड़ गिरने से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मकानों के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते लाखनमंडी में आम का पेड़ गिरकर अतीक अहमद पुत्र मो. शाहिद के मकान पर जा गिरा। पेड़ के नीचे उनकी मोटरसाइकिल संख्या यूके 06एबी 7823 (स्प्लेंडर) समेत घर का अन्य सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

इसी दौरान पेड़ का हिस्सा मुकेश राम पुत्र हरीश राम के मकान पर भी गिर गया। हादसे में उनके पिता हरीश राम (49) के हाथ में चोट आई, जबकि उनकी 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान को भी गुम चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर चोरगलिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लेते हुए मकानों के भीतर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और राहत एवं बचाव कार्य किया। पेड़ गिरने से दोनों मकानों तथा उनमें रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से किसी बड़ी जनहानि को टाला जा सका।

सम्बंधित खबरें