
देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। चकराता क्षेत्र में साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर रविवार शाम को पर्यटकों की एक कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मेरठ और बिजनौर से पांच पर्यटक कार में सवार होकर घूमने के लिए चकराता की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कलेथा गांव के पास पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के मलबे से चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने बेहद मुश्किल हालातों में खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, मेरठ निवासी 24 वर्षीय शैंकी पंवार और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि विशु, भुवन और प्रशांत गंभीर रूप से घायल पाए गए।
सभी गंभीर घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) साहिया में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है। इस दुखद घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पंचनामा शुरू कर दिया है।









