
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला, राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं के साथ-साथ 20-सूत्री एवं 25-सूत्री कार्यक्रमों की सेक्टरवार प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय से और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभागों को जिस प्रयोजन हेतु धनराशि आवंटित की गई है,उसी प्रयोजन में धनराशि व्यय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्त्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। गुणवत्त्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्यदाई संस्था यह सुनिश्चित करें कि कार्य समय पर पूर्ण हो इसका ध्यान रखा जाय। समय पर निविदा आदि कार्यवाही हो जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि धनराशि का पूर्ण सदुपयोग होना चाहिए।खराब गुणवत्ता पर संबंधित से वसूली की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समय समय पर निर्माण कार्य स्थल का भी निरीक्षण करें, निगरानी रखे रहें। उन्होंने सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य स्थल पर साईड इंजीनियर उपस्थित रहे यह भी सुनिश्चित किया जाय।
जिलाधिकारी ने विभागों को रोजगार परख योजनाओं को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि,ओद्यानिक क्षेत्र में अधिकाधिक कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन आंकड़ों और साक्ष्यों के साथ पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत,जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।









