बारिश : यमुनोत्री पैदल मार्ग धंसा, कांवड़ यात्रियों पर बोल्डर गिरा

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। भारी बारिश के कारण यमुनोत्री पैदल मार्ग का एक हिस्सा धंस गया, जबकि हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। टिहरी में भूस्खलन से नौ ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं और डोईवाला के भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसाती नाले का पानी भर गया है।

उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंसने, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों के घायल होने, टिहरी में नौ ग्रामीण सड़कों के बंद होने और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से हाईवे व रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने और हालात सामान्य करने में जुटे हैं।

देर रात से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हालात बिगड़ गए हैं। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वहीं, पाली गाड़ के पास हाईवे पर चट्टानी पत्थर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बाल-बाल बच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

कुंड के पास बड़े बोल्डर गिरने से केदारनाथ हाईवे बंद, मसूरी में कई जगह भूस्खलन, गिरे पेड़

देहरादून। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थानों पर बाधित हो गया। कुंड-काकड़ा गाड़ के बीच पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा आने से यातायात बाधित है। वहीं सिरोहबगड़ भी सोमवार देर रात मलबा आने से बंद हुआ, जिसे रात में ही खोल दिया गया। वहीं गौरीकुंड मुनकटिया के पास भी मलबा आने की सूचना है। जिन्हें मशीन के जरिए साफ किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने बताया कि काकड़ा गाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से मार्ग बंद है। मार्ग खोलने के लिए दोनों ओर से जेसीबी लगाई गई हैं, जबकि मलबा अधिक होने पर अगस्त्यमुनि से एक एक्सकेवेटर भी मौके पर भेजा गया है।

सम्बंधित खबरें