छात्रसंघ चुनाव के लिए एमबीपीजी में पुलिस का पहरा, बाहरी तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, एसएसपी ने लिया जायजा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार कर लिया है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप को रोकने के लिए कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों तक पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात जवानों को ब्रीफ करने के साथ ही कॉलेज परिसर में फ्लैग मार्च किया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने पुलिस बल को चुनाव ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी निष्पक्षता और पूरी सतर्कता के साथ अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहें।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कॉलेज परिसर, प्रवेश और निकास व्यवस्था, बैरियर, संवेदनशील स्थानों और मतगणना केंद्र की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी ने साफ किया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी छात्र को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो पुलिस तत्काल वैधानिक कार्रवाई करेगी। बाहरी और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसकी आड़ में हिंसा, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिस को कॉलेज के प्रवेश द्वार और बैरियरों पर प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए हैं। ड्रोन से निगरानी के साथ मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी। जीरो जोन में  वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्वाइंट पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इस दौरान सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी और चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें