नौकरी की मांग को लेकर डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों का मंत्री आवास कूच, पुलिस ने रोका

खबर शेयर करें -

देहरादून। सरकारी विद्यालयों में शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर रविवार को उत्तराखंड डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ से जुड़े बेरोजगारों ने गांधी पार्क से यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास की ओर कूच किया।इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशिक्षित बेरोजगार हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि डीएलएड प्रशिक्षण पूरा करने के बावजूद लंबे समय से उन्हें नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार देने की मांग की।

मंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बीच रास्ते में रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया।

संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

सम्बंधित खबरें