
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में माँ नंदा-सुनंदा पावन पर्व एवं महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने में नैनीताल पुलिस द्वारा किए गए प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों की श्री राम सेवक सभा नैनीताल, मंदिर समिति द्वारा सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
महोत्सव के दौरान नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता* देते हुए यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
महोत्सव के दौरान पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता की।
मेले के दौरान परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को सकुशल उनके परिवारजनों से मिलाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के गुम हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग एवं अन्य सामान* को तलाश कर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को वापस कराया गया।
पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल से न केवल लोगों को तत्काल राहत मिली, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं अपनत्व की भावना भी मजबूत हुई।
महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार फील्ड में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को सुचारू कराया गया। विभिन्न विभागों, मेला समिति, मंदिर समिति, व्यापार मंडल एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
प्रतिनिधियों द्वारा महोत्सव के दौरान नैनीताल पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं जनसहयोग संबंधी प्रयासों की सराहना* करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल, रेवाधर मठपाल, एसपी संचार नैनीताल, श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी नैनीताल, रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी भवाली एवं राजेंद्र सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल, मेला चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील बिष्ट, उप निरीक्षक दिनेश जोशी, पीआरओ हेमा ऐठानी, उप निरीक्षक संजीत राठौड़ सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









