
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के क्रम में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा राज्य सरकार के “4 साल बेमिसाल” उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार हेतु विकासखण्ड हल्द्वानी में बहुउद्देशीय शिविर एवं विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अजय भट्ट ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी जनसामान्य को प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 25 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा परिवार रजिस्टर की 5 प्रतियां ऑनलाइन जारी की गईं। ग्राम विकास विभाग द्वारा 18 बीपीएल एवं एसईसीसी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आधार कार्ड से संबंधित 23 अपडेशन कार्य संपन्न किए गए। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से विभिन्न विभागों के 13 आवेदन-पत्र ऑनलाइन अपलोड किए गए। शिविर में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा 2 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, जबकि सहकारिता विभाग द्वारा बिना ब्याज के ऋण योजना के अंतर्गत 6 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक प्रदान किए गए।
सांसदअजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे सभी वर्गों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन सेवा 1962 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं के उपचार, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा अन्य समस्याओं के समाधान हेतु यह सेवा अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर पशु चिकित्सा सेवाएं एवं विभागीय वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पशुपालकों को समय पर सहायता प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख विकासखण्ड हल्द्वानी मंजू गौड़, विधायक प्रतिनिधि कालाढूंगी क्षेत्र अक्षय, मंडल महामंत्री नवीन भट्ट, जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मनीष भट्ट, ग्राम प्रधानगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक कालाढूंगी क्षेत्र बंशीधर भगत द्वारा उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति एवं नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।








