एमबीपीजी : एबीवीपी के बागी आर्यन बेलवाल ने अध्यक्ष पद पर मारी बाजी: एनएसयूआई के मेहुल साह को 466 वोटों से हराया, एबीवीपी तीसरे स्थान पर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज को मंगलवार देर रात नई छात्रसंघ कार्यकारिणी मिल गई। अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में एबीवीपी के बागी निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल साह को 466 वोटों के अंतर से पराजित किया। एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे। इसके साथ ही अध्यक्ष पद पर लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुकी विद्यार्थी परिषद इस बार हैट्रिक लगाने से चूक गई।

मंगलवार को कॉलेज में अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि समेत विभिन्न पदों के लिए मतदान हुआ। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में कॉलेज के 12,800 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 4,063 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान समाप्त होने के बाद शाम 3:30 बजे एलबीएस बहुद्देश्यीय भवन में मतगणना शुरू हुई। शाम चार बजे से वोटों की गिनती शुरू की गई। देर रात करीब 12:45 बजे 18 राउंड में मतगणना पूरी हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एलएम पांडे ने परिणाम घोषित किए।

अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल को 1723 वोट, मेहुल साह को 1257 वोट और धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। इस तरह आर्यन बेलवाल ने मेहुल साह को 466 मतों से शिकस्त दी।

उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने वशिष्ठ कुमार को 145 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीपा रैकुनी ने श्रेया पांडे को 303 वोटों से मात दी। वहीं सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी ने भविष्य रावत को 394 वोटों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने दीपा बिनवाल को 379 वोटों से हराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पांडे ने करन सिंह डोभाल को 805 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। संयुक्त सचिव पद पर रिषिका सिंह और सांस्कृतिक सचिव पद पर चंद्रकांत निर्विरोध निर्वाचित हुए

परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए छात्रहित में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

सम्बंधित खबरें