
हल्द्वानी। नैनीताल जिला पुलिस और एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध हथियारों का जखीरा पकड़ा है। आठ अवैध तमन्चों और 10 जिंदा कारतूसों के साथ अंतर-जनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशन में जनपद में अपराधियों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है।जिस अभियान के तहत एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून को चोरगलिया क्षेत्र के एमवीआर गेट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की पुख्ता सूचना पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए गलफार गेट की ओर जाने वाले रास्ते के पास से एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर अभियुक्त के बैग से भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद किया गया है। जिसके आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर थाना चोरगलिया में, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त रियासत पुत्र रईस अहमद (उम्र: 30 वर्ष) निवासी: ग्राम व पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर का निवासी है। उसके पास से दो अदद देशी तमन्चा (12 बोर) मय 06 जिंदा कारतूस व 06 अदद देशी तमन्चा (315 बोर) मय 04 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अभियुक्त का अपराधिक इतिहास, उसका बैकग्राउंड और हथियारों के सोर्स व सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा (थाना चोरगलिया), उप निरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह कठायत (एसओजी) हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह (एसओजी)
कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा (एसओजी) कांस्टेबल भारत भूषण (थाना चोरगलिया), कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह (थाना चोरगलिया) शामिल थे। इस सराहनीय कार्य करने के लिए पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा 2,500 रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।









