
हल्द्वानी। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और करियर मार्गदर्शन के लिए एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना में अपनी विशिष्ट सेवाएँ दे चुके और वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में डीआईजी (ऑपरेशन) के पद पर कार्यरत पूर्व ब्रिगेडियर सुनील उपाध्याय जी उपस्थित रहे।
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा गया। छात्रों ने भारतीय सशस्त्र बलों, पैरामिलिट्री फ़ोर्स और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में करियर की संभावनाओं को लेकर ब्रिगेडियर उपाध्याय से कई सवाल पूछे। ब्रिगेडियर सर ने अपने लंबे सैन्य अनुभवों और व्यावहारिक ज्ञान के माध्यम से बच्चों की हर जिज्ञासा और शंका का आत्मीयता से समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हुए भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए स्पष्टता और आत्मविश्वास बनाए रखने का मंत्र दिया।
स्कूल के प्रधानाचार्य वीरेंदर सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना है। इस प्रकार के सार्थक संवाद से बच्चों की सोच का दायरा बढ़ता है और वे एक जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने ब्रिगेडियर सुनील उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति और अमूल्य मार्गदर्शन के लिए उनका सहृदय आभार व्यक्त किया।











