अंतरराष्ट्रीय रेशम कांग्रेस में चमके दून के चार वैज्ञानिक, उत्तराखंड में रेशम उत्पादन को मिलेगी नई दिशा

खबर शेयर करें -

देहरादून। चेन्नई में आयोजित 27वें अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन एवं रेशम उद्योग कांग्रेस (ISCC-2026) में केंद्रीय रेशम बोर्ड की देहरादून स्थित चार इकाइयों के वैज्ञानिकों ने अपने शोध निष्कर्ष प्रस्तुत कर राज्य का मान बढ़ाया है। 23 से 25 नवंबर तक चले इन सत्रों में उत्तराखंड में रेशम उत्पादन की नई संभावनाओं और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष मंथन हुआ।

इन वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
देहरादून की विभिन्न इकाइयों के चार प्रभारियों ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शोध प्रस्तुत किए:

डॉ. पवन सैनी (प्रभारी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर)

डॉ. विक्रम कुमार (प्रभारी, पी-3 मूल बीज प्रक्षेत्र, माजरा)

डॉ. अभिषेक सिंह (प्रभारी, पी-2 मूल बीज प्रक्षेत्र, शीशमबाड़ा)

राहुल पाल (प्रभारी, रेशम तकनीकी सेवा केंद्र, प्रेमनगर)

उत्तराखंड के किसानों को होगा सीधा लाभ
इन वैज्ञानिकों ने मुख्य रूप से उत्तराखंड की कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप साल में रेशमकीट पालन की फसलों की संख्या बढ़ाने (बहुफसलीय पालन), शहतूत फसल संरक्षण, मूगा रेशम उत्पादन और आधुनिक कोसोत्तर (पोस्ट-कुकून) तकनीक पर अपने शोध रखे।

अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग, बेंगलुरु द्वारा “सतत भविष्य के लिए रेशम” थीम पर आयोजित इस पांच दिवसीय कांग्रेस का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। कार्यक्रम में जापान, अमेरिका और फ्रांस समेत कई देशों के लगभग 350 विशेषज्ञ शामिल हुए। इस मंच से प्राप्त वैश्विक ज्ञान और नई तकनीकों का उपयोग अब देहरादून और पूरे उत्तराखंड में रेशम उद्योग के आधुनिकीकरण, बेहतर गुणवत्ता वाले रेशम उत्पादन और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए किया जाएगा।

सम्बंधित खबरें