
रुद्रपुर। ट्रेड यूनियन लीडर एवं ऐक्टू उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए भाकपा(माले) और ऐक्टू की ओर से रुद्रपुर के नगर निगम हॉल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में 2 मिनट का मौन रखकर और पुष्पांजलि अर्पित कर वामपंथी, मजदूर एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने निशान सिंह को श्रद्धांजलि दी।सभा को संबोधित करते हुए भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य संजय शर्मा ने कहा कि निशान सिंह के निधन से तराई क्षेत्र के मजदूर आंदोलन और वामपंथ को गहरा आघात लगा है।
मेहनतकश वर्ग ने अपना एक महत्वपूर्ण पथ प्रदर्शक खो दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब फासीवाद के चंगुल में समाज और मेहनतकश वर्ग फंसा हुआ है, ऐसे समय में उनका जाना बेहद खलता है।भाकपा(माले) की केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्णा अधिकारी ने कहा कि निशान सिंह जीवन भर मजदूर, किसानों को राजनीतिक दृष्टि देने का प्रयास करते रहे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अच्छा संवाद बनाए रखा। उन्होंने लोकतंत्र बचाने और सभी राजनीतिक विचारों का सम्मान करने की शिक्षा दी। उनका जीवन सरलता और क्रांतिकारी समर्पण का प्रतीक रहा।
भाकपा(माले) उत्तराखंड राज्य सचिव इन्द्रेश मैखुरी ने कहा कि निशान सिंह तराई क्षेत्र के संघर्षशील आंदोलन की महत्वपूर्ण शख्सियत थे। युवावस्था से ही क्रांतिकारी चेतना से प्रेरित होकर उन्होंने किसान, मजदूर आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। सरकारी शिक्षक नेता के रूप में उन्होंने अविभाजित उत्तर प्रदेश में प्रांतीय नेतृत्व प्रदान किया और उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षक यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में यादगार कार्य किया। रिटायरमेंट के बाद वे ऐक्टू के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मजदूर आंदोलन को मजबूत करने में लगे रहे।
सभा में कम्युनिस्ट नेता बहादुर सिंह जंगी ने क्रांतिकारी विदाई गीत प्रस्तुत किया। सभा का संचालन ऐक्टू प्रदेश महामंत्री केके बोरा ने किया।इस अवसर पर निशान सिंह की बेटी बार काउंसिल सदस्य अमनदीप कौर, वैज्ञानिक बेटी नवनीत कौर, बेटा निशांत सिंह सहित डॉ. कैलाश पाण्डेय, गिरिजा पाठक, किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव पुरुषोत्तम शर्मा, राज्य अध्यक्ष आनंद नेगी, राजेंद्र चौहान, ऐक्टू जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, सीपीएम नेता राजेंद्र सिंह, जगीर सिंह, शंकर चक्रवर्ती, पत्रकार महेंद्र मौर्या, रूपेश कुमार सिंह, असलम कोहरा, गुरविंदर गिल और कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।सभा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।









