
देहरादून। विधानसभा चुनाव की आहट और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बीच उत्तराखंड सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। बुधवार देर रात जारी तबादला आदेश में 18 आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। इस प्रशासनिक सर्जरी में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर को नए पुलिस कप्तान मिले हैं। सबसे अहम बदलाव कुमाऊं मंडल में देखने को मिला है, जहां नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की पुलिस कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
तबादला सूची के अनुसार आईपीएस मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है, जबकि अर्पण यदुवंशी नैनीताल के नए एसएसपी होंगे। पौड़ी की जिम्मेदारी देवेंद्र पींचा को सौंपी गई है। सरिता डोबाल को एसएसपी टिहरी, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को एसपी चमोली और जगदीश चंद्र को एसपी बागेश्वर बनाया गया है।
वहीं, अब तक नैनीताल के एसएसपी रहे मंजूनाथ टीसी को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति कुम्भार को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी द्वितीय और पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है।
तबादलों के तहत बागेश्वर के एसपी जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। चमोली के एसपी सुरजीत पंवार को भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। वहीं, पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव, हरीश वर्मा को सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर, विशाखा अशोक भदाणे को एसपी पुलिस मुख्यालय और अमित श्रीवास्तव प्रथम को एसपी अभिसूचना बनाया गया है।
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने 30 नवंबर तक एक ही स्थान पर निर्धारित अवधि से तैनात अधिकारियों और कार्मिकों के स्थानांतरण के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शासन ने यह बड़ा फेरबदल किया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार प्रमाणक की प्रति डीजीपी के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।











