सरस मेले की स्टार नाइट में माया उपाध्याय के गीतों पर झूमे दर्शक, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने की महिला समूहों के उत्पाद खरीदने की अपील

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने मेले के आयोजन को हल्द्वानी के लिए गर्व का विषय बताते हुए आमजन से मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करने और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की।

दीपा दरमवाल ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो वह केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि मेले में खरीदारी कर लोग महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को प्रोत्साहित कर सकते हैं। उन्होंने सभी से मेले में आकर कुछ न कुछ सामान खरीदने का आग्रह किया।

वहीं, गुरुवार शाम आयोजित सरस मेले की स्टार नाइट में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका माया उपाध्याय ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके कुमाऊंनी लोकगीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। माया की सुरीली आवाज और पहाड़ की लोकसंस्कृति से जुड़े गीतों ने पूरे मेला परिसर को उत्तराखंडी रंग में रंग दिया।

माया उपाध्याय ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत से ही दर्शकों को बांधे रखा। उन्होंने ‘लाली हो लाली स्या’, ‘झूली घाटा शेरदा को होटला’, ‘हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा’, ‘छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली’, ‘रधुली नथुली का डोर’, ‘आदु संसारा आदु मुन्स्यारा’, ‘दिल्ली को बाजारा लागी माया’, ‘ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा’, ‘चन्दना जयपुरिया साड़ी मेरी’, ‘बेडू पाको बारामासा’ और ‘नारैणा काफल पाको चेता मेरी’ समेत कई लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति दी।

उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और नृत्य कर कार्यक्रम का आनंद लिया। माया उपाध्याय की प्रस्तुति के दौरान पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। स्थानीय लोगों ने भी उनकी प्रस्तुति की खूब सराहना की।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें