उत्तराखंड में हथियार की नुमाइश!…ट्रिगर दबते ही चली गोली, अफरा-तफरी

खबर शेयर करें -

देहरादून। पिस्टल दिखाने के दौरान बड़ी घटना सामने आई है। अवैध हथियार के साथ ‘शो-ऑफ’ के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।

घटना देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में 19 जून की तड़के करीब 2:30 बजे ओम सिटी स्थित एक किराए के फ्लैट में हुई। यहां हंसराज सैनी अपने दो साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ मौजूद था। इसी दौरान हंसराज ने अपने पास रखी पिस्टल साथियों को दिखाते हुए बताया कि उसने इसे करीब 65 हजार रुपये में खरीदा है।

पिस्टल को जांचने के दौरान गोपाल शर्मा के हाथ से अचानक ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। गोली हंसराज की नाक के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोप है कि घायल को अस्पताल ले जाने के दौरान मामले को छुपाने की कोशिश की गई। पुलिस से बचने के लिए झूठी कहानी गढ़ने का दबाव बनाया गया और कमरे में फैले खून के निशान मिटाने का प्रयास भी किया गया।

इसके बाद आरोपी घायल को स्कूटी से इन्द्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे और घटना में इस्तेमाल पिस्टल को ओम सिटी क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को ओम सिटी के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी बलवे और मारपीट के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

सम्बंधित खबरें