हल्द्वानी में कॉलेज बना अखाड़ा: चुनावी समर्थन को लेकर छात्रा से मारपीट, फिर जमकर हंगामा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी । एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। एबीवीपी का समर्थन कर रही एक छात्रा ने प्रतिद्वंद्वी छात्र संगठन से जुड़ी युवती पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे कस्तूरबा भवन के पास यह घटना हुई। शिकायत करने वाली छात्रा ने बताया कि वह बीएससी की छात्रा है और प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने आने वाली छात्राओं की सहायता के साथ एबीवीपी की चुनावी गतिविधियों में सहयोग कर रही थी। इसी दौरान एक युवती वहां पहुंची और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी तथा थप्पड़ भी मारे।

पीड़ित छात्रा ने प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी को लिखित शिकायत सौंपते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाली युवती दमुवाढूंगा की रहने वाली है और उसका कॉलेज में प्रवेश भी नहीं है।

घटना के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता संबंधित युवती के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर प्राचार्य कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रॉक्टर बोर्ड के सदस्यों और शिक्षकों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल कॉलेज प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

सम्बंधित खबरें