बड़ी खबर: धर्म बदलने पर अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र निरस्त

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। धर्मांतरण के मामले में जिला स्क्रूटनी कमेटी की संस्तुति के बाद डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने गदरपुर निवासी एक व्यक्ति को 14 जनवरी 2019 को जारी किए गए अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र को निरस्त कर दिया।

संबंधित व्यक्ति ने कमेटी के सामने हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का लिखित बयान दिया था। धर्मांतरण के चलते जाति प्रमाणपत्र निरस्त करने की प्रदेश में संभवत पहली कार्रवाई है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि गदरपुर निवासी अरविंद सैनी पुत्र उग्रसेन ने एसडीएम को शिकायत दी। आरोप लगाया कि सुरेंद्र सागर लोगों का धर्म परिवर्तन करा रहा है।

आरोप की जांच में सामने आया कि राजन कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी चकरपुर बराखेड़ा ने धर्म परिवर्तन कर लिया है। उसने सोशल मीडिया पर राजन मसीह नाम से आईडी बनाई है। एडीएम ने बताया कि हिन्दू धर्म के तहत अनुसूचित जाति से ईसाई धर्म अपनाने पर राजन को अनुसूचित जाति का लाभ नहीं दिया जा सकता। एसडीएम गदरपुर की आख्या, जिला स्क्रूटनी कमेटी की जांच के बाद राजन का अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र निरस्त करने की डीएम से संस्तुति की।

सम्बंधित खबरें