
अगस्त्यमुनि। जनपद के पठालीधार से लगे कोटि गांव में एक महिला को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। महिला की बहादुरी को देख तेंदुआ मौके से भाग गया। महिला ने तेंदुए के हमला करते ही दरांती से कई बार वार कर किसी तरह मौके से भागने में कामयाबी पाई और अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार कोटि गांव की 64 वर्षीय नारायणी देवी गांव से गदेरा पार करते हुए 100 मीटर दूर जंगल में घास काटने गई। इसी बीच झाड़ी में छुपे तेंदुए से अचानक महिला का सामना हो गया। तेंदुए ने हमला किया तो महिला ने हिम्मत दिखाते हुए दरांती निकाली और तेंदुए पर वार करना शुरू किया। और शोर मचाते हुए चार बार वार करते हुए वह किसी तरह भागने में कामयाब हो गई। लोगों ने शीघ्र महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया। महिला के हाथ, पैर में गहरे घाव हैं।
डॉ प्रियांशी ने बताया कि महिला की हालत सामान्य है। इधर, एसडीओ दिवाकर पंत ने महिला से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि महिला को डॉक्टर की रिर्पोट के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।








