वर्दी उतरवा दूंगा!…हल्द्वानी में पुलिस चेकिंग के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी । वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता और धमकी देना एक युवक को भारी पड़ गया। सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवक कार्रवाई के दौरान कार लेकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए उसे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार 10 मई की रात तिकोनिया क्षेत्र में पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। पुलिस जब चालान की कार्रवाई करने लगी तो चालक भड़क उठा और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” तक की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए कार समेत मौके से फरार हो गया। मामले में उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लवजीत सिंह निवासी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों या किसी भी लोकसेवक से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

सम्बंधित खबरें