
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड में पुलिस और गौकशी के एक आरोपी के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई। ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में गौकशी मामले में फरार चल रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह मामला करीब एक माह पहले गदरपुर क्षेत्र में सामने आए गौकशी प्रकरण से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता और रहम की गुहार लगाता दिखाई दिया।
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, मामले की जांच के दौरान रेंज स्तर की गौवंश स्क्वाड टीम पहले भी आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। उस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे।
फरार आरोपियों की तलाश के बीच एसओजी को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को चारों ओर से घिरा देख मोईन ने पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित गोमांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोईन के रूप में हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है ताकि उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा सके। वहीं, गदरपुर गौकशी प्रकरण में फरार बाकी आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।








