जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में दहाड़ता नजर आया बाघ,कोतवाल अरुण कुमार सैनी के कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा

खबर शेयर करें -

कालाढूंगी। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का झिरना जोन इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। सोमवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों को उस समय रोमांचकारी अनुभव हुआ, जब एक नौजवान बाघ सफारी मार्ग पर अचानक नजर आया। बाघ कुछ देर तक बेखौफ अंदाज में विचरण करता रहा और उसकी दहाड़ से जंगल का माहौल और भी रोमांचक हो गया।

सफारी के दौरान सामने आए इस अप्रत्याशित नजारे को देखकर पर्यटकों में उत्साह और रोमांच देखने को मिला। कई पर्यटक इस दुर्लभ पल को अपने कैमरों में कैद करने में जुट गए। इसी दौरान मौके पर मौजूद कालाढूंगी कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने भी बाघ के इस शानदार नजारे को अपने कैमरे में कैद कर लिया।

बताया गया कि झिरना जोन सालभर पर्यटकों के लिए खुला रहने के कारण कॉर्बेट नेशनल पार्क के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। यहां वन्यजीव प्रेमियों को अक्सर वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखने का अवसर मिलता है। सोमवार को बाघ की मौजूदगी ने सफारी पर निकले पर्यटकों के रोमांच को और बढ़ा दिया।

कॉर्बेट के जंगलों में इस तरह के नजारे पर्यटकों के लिए हमेशा यादगार बन जाते हैं। झिरना जोन में बाघ की मौजूदगी और उसकी दहाड़ का यह दृश्य भी सफारी पर पहुंचे लोगों के लिए खास अनुभव बन गया। बाघ के इस रोमांचक दृश्य ने एक बार फिर कॉर्बेट नेशनल पार्क की समृद्ध वन्यजीव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को कैमरे में कैद कर दिया।

सम्बंधित खबरें