ज्योलीकोट में दूषित जल से प्रभावित क्षेत्र में एक और युवक की मौत

खबर शेयर करें -

नैनीताल। ज्योलीकोट में दूषित जल से प्रभावित क्षेत्र में एक और युवक की मौत हो गई है। मजदूरी करने वाले 26 वर्षीय अमन सोनकर उर्फ सौरभ को पहले पीलिया हुआ था। मंगलवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे बीडी पांडे अस्पताल से एसटीएच रेफर किया गया था। जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई।

कैलाखान निवासी अमन लंबे समय से एक ठेकेदार के अधीन ज्योलीकोट में काम कर रहा था। अगस्त में ज्योलीकोट में रहते समय उसे बुखार हुआ था। जांच में पीलिया की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उनका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट में उपचार हुआ। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बुखार और कमजोरी की शिकायत पर ठेकेदार व साथ काम करने वाले मजदूर उसे शाम करीब सात बजे बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी ले गए।

भाई संजय ने आरोप लगाया कि एसटीएच में रात दो बजे तक अमन को बेड नहीं मिला। इसके बाद उसे भर्ती किया गया। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बता दें, ज्योलीकोट में दूषित पानी के मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।

सम्बंधित खबरें