बागजाला में सड़क की मरम्मत का काम समयबद्ध रूप से नहीं होने की स्थिति में तालाबंदी की चेतावनी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने बागजाला (गौलापार) में सड़क की मरम्मत का बजट आवंटित होने और काम का बार बार आश्वासन देने के बाद भी कार्य नहीं किये जाने पर ग्रामीणों के रोष का प्रकटीकरण करते हुए समयबद्ध रूप से कार्य नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और तालाबंदी की चेतावनी दी. अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया।

अखिल भारतीय किसान महासभा, बागजाला कमेटी द्वारा ज्ञापन में कहा गया कि किसान महासभा के प्रतिनिधिमंडल से मार्च से लेकर अब तक कई दौर की वार्ताओं में बागजाला में विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत तत्काल प्रभाव से किये जाने का आश्वासन दिया गया था. साथ इसके लिए बजट 13.31 लाख रुपये भी लोक निर्माण विभाग के खाते में आ चुका है. लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी बागजाला (गौलापार) में सड़क की मरम्मत के काम में एक भी इंच की प्रगति नहीं हुई है. जिसके चलते बागजाला में भारी जन आक्रोश है. बागजाला गांव की जनता जानना चाहती है कि क्या लोक निर्माण विभाग विभाग के विरुद्ध आंदोलन शुरू होने के बाद ही कार्य शुरू करेगा।

किसान महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि, बागजाला गांव में सड़कों की मरम्मत का कार्य किस तारीख से शुरू होगा इसकी स्पष्ट घोषणा लोक निर्माण विभाग करे और यदि निर्धारित तिथि तक कार्य शुरू नहीं करवाया गया तो हमारे पास आंदोलन और फिर लोक निर्माण विभाग कार्यालय में तालाबंदी के अतिरिक्त कोई विकल्प शेष नहीं रहेगा. सहायक अभियंता ने दूरभाष पर अधिशासी अभियंता से वार्ता कर जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया. किसान महासभा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि इस बार भी वादाखिलाफी की गई तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के दफ्तर पर पहुंचकर तालाबंदी करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में आनंद सिंह नेगी, डॉ कैलाश पाण्डेय, वेद प्रकाश, विमला देवी, हेमा आर्य, दीवान सिंह बर्गली, ललित प्रसाद, दौलत सिंह कुंजवाल, बासुदेव, पूरन राम, नंद किशोर, पार्वती देवी, शांति देवी, महेन्द्र आर्य, महेश राम, रमेश चंद्र कोठारी आदि शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें