मुख्यमंत्री धामी ने गैरसैंण में 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

खबर शेयर करें -

गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों की आधारशिला रखी।

उन्होंने 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके साथ ही कुमोली रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग को जोड़ने के लिए 6.99 करोड़ रुपये तथा गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने संबंधी कार्य के लिए 5.60 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया।

गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन तथा 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया।

इन योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। पेयजल योजना से स्थानीय आबादी की पानी की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, जबकि भू-धंसाव से बचाव के कार्यों से प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत होगी। सड़क सुधार और उच्चीकरण से आवागमन सुगम होगा। वहीं, शिक्षण संस्थानों के भवन और पुलिस एवं अग्निशमन से जुड़ी नई सुविधाओं से क्षेत्र की शैक्षिक तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे

सम्बंधित खबरें