
टनकपुर/बनबसा। नेपाल में भारी वर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए चंपावत के सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। टनकपुर में SDRF टीम को हाई अलर्ट पर रखते हुए शारदा बैराज, घाटों और निचले इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने नदी के जलस्तर पर पैनी नजर रखने के साथ संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से नदी तटों और संवेदनशील इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के कड़े निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को आपसी समन्वय बनाए रखने और नदी के जलस्तर पर लगातार कड़ी निगरानी रखने को कहा है। चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील कि है वे उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय इलाकों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखने की सलाह दी गई है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने का अनुरोध किया गया है ताकि समय रहते त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।







