घास काट रही महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, मौके पर ही मौत, ग्रामीणों में दहशत

खबर शेयर करें -

श्रीनगर। पौड़ी जिले के खिर्सू विकासखंड में गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पौड़ी रेंज के अंतर्गत खंडाह के पास ग्राम सभा बछेली के अमधार में शुक्रवार देर शाम घास काट रही 51 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार महिला को घसीटकर झाड़ियों में ले गया। घटना में तरुली निवासी बीना देवी, पत्नी स्व. बाल मुकुंदर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह गुसाईं के अनुसार, गांव से करीब 100 मीटर दूर जंगल में पांच-छह महिलाएं घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने बीना देवी के गले पर हमला कर दिया। इसके बाद वह महिला को घसीटकर झाड़ियों में ले गया। साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया तो गुलदार मौके से भाग निकला, लेकिन तब तक बीना देवी की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि बीना देवी शुक्रवार शाम करीब छह बजे पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में घास और चारा लेने जाने वाली महिलाओं पर गुलदार के हमले का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में नियमित निगरानी की जाए और गुलदार को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार गश्त करे। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक किया जाए कि वे जंगल में अकेले न जाएं।
घटना पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए वन विभाग के डीएफओ और संबंधित अधिकारियों को जल्द पिंजरा लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। अब ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

सम्बंधित खबरें