उत्तराखंड के नौ जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, 10 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शहर में बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और झोंकेदार हवाओं के एक-दो दौर आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हुआ। हालांकि, इस अवधि में इन स्थानों पर कोई महत्वपूर्ण वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई।

सम्बंधित खबरें