छोटे भाई ने ही की बड़े भाई की हत्या, नशा, फिजूलखर्ची को लेकर हुआ विवाद, गुमराह करने के लिए रची साजिश

खबर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून पटेलनगर क्षेत्र के बुड्ढी गांव में रविवार रात युवक की गोली मारकर हत्या के मामले का दून पुलिस ने महज दस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की कहानी गढ़कर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की थी।

पुलिस के अनुसार 14 जून की रात बुड्ढी गांव निवासी 24 वर्षीय सोहेल हासन को घर के भीतर गोली लगी थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक के चाचा की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को घर के भीतर किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। वहीं घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई 32 बोर की एक देशी पिस्तौल भी बरामद हुई। मृतक के छोटे भाई शाहिद हासन से पूछताछ में उसके बयान लगातार बदलते रहे, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर शाहिद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी महंगी आदतों को पूरा करने के लिए अक्सर परिवार से पैसे मांगता था। कुछ दिन पहले उसने पिता का एटीएम चोरी कर खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे।

इस बात को लेकर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई भी की थी और लगातार उसे गलत आदतों के लिए टोका करता था। इसी रंजिश में शाहिद ने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक उसने दो दिन पहले घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। रविवार रात मौका मिलते ही उसने हत्या कर दी।

सम्बंधित खबरें