देहरादून चिड़ियाघर में आया उत्तराखंड का पहला सफेद बाघ ‘तेजस’, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण, कॉलेज के छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

खबर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। चिड़ियाघर से सात करोड़ रुपये से अधिक की वार्षिक आय भी प्राप्त होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों का आकर्षण और बढ़ेगा तथा उन्हें वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

उन्होंने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। पूर्व में बच्चों के लिए शुरू की गई निःशुल्क प्रवेश व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मुफ्त प्रवेश की सुविधा दी जाएगी, ताकि वे वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर वर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार की प्राथमिकता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। इस दिशा में देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें