नगर निगम क्षेत्र में दुकानों के किराए में 50 फीसदी तक वृद्धि के खिलाफ व्यापार मंडल ने खोला मोर्चा, महापौर को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में दुकानदारों और व्यापारियों से मनमाने तरीके से किराया वसूली के खिलाफ आज सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड ने नगर निगम के महापौर गजराज बिष्ट को ज्ञापन सौंपा।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष तरूण वानखेड़े के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने बताया कि विगत कुछ समय से नगर निगम की दुकानों एवं निजी दुकानों के मालिकों द्वारा बिना किसी उचित आधार के हर 6 माह या 1 वर्ष में 20 फीसदी से 50 फीसदी तक किराया बढ़ाया जा रहा है। विरोध करने वाले व्यापारियों को दुकान खाली करने की धमकी देकर मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है।

संगठन महामंत्री भुवन भट्ट ने कहा कि बढ़ती महंगाई, ऑनलाइन व्यापार की कड़ी प्रतिस्पर्धा और लगातार बढ़ते व्यावसायिक खर्चों के बीच किराए की यह बेतहाशा वृद्धि छोटे-मझोले व्यापारियों की कमर तोड़ रही है। हालात यह हैं कि अनेक व्यापारी अपना वर्षों पुराना व्यवसाय बंद करने को मजबूर हैं, जिससे नगर की आर्थिक गतिविधियों और रोजगार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

प्रदेश प्रवक्ता संजय त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी वर्ग आंदोलन को बाध्य होगा। व्यापारी हमेशा नगर के विकास में प्रशासन के साथ रहा है, पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख तेज सिंह कार्की, प्रदेश सचिव कल्पना रावत, कार्यकारिणी सदस्य राजेश कांडपाल, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश चंद्र सती सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें