
हरिद्वार। कांवड़ियों के वेश में नकली नोट खपाने आए दो कांवड़ियों को हर की पैड़ी क्षेत्र में एक व्यापारी ने दबोच लिया।उनके कब्जे से नकली नोट का बंडल छीन लिया। इस दौरान कांवड़ों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर दोनों आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गए। व्यापारी ने नकली नोटों का बंडल पुलिस को सौंप दिया है। बंडल में सौ और दो सौ रुपये की नकली नोट मिले है। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित हरकी पैड़ी चौकी के अंतर्गत काली मंदिर के पास की है। जिस समय घटना घटी उस दौरान मेला पुलिस के जवान भी क्षेत्र में ही मौजूद थे। वे भी आरोपियों को पकड़ नहीं पाए। पुलिस ने बरामद नकली नोटों को कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कांवड़ियों के वेश में आए दो युवकों ने एक व्यापारी के साथ लेन-देन के दौरान दो सौ रुपये का नकली नोट चलाने का प्रयास किया। व्यापारी पूजा सामग्री की दुकान चलाता है। नोट के नकली होने के शक होने पर व्यापारी ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों की तलाश में उनके कब्जें से 30 हजार रुपए के नकली नोट बरामद किए। नोट के साथ ही जेब से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी मिले है।
इससे पहले व्यापारी पुलिस को बुलाता दोनों कांवड़िए उसे धक्का देकर मौके से भाग खड़े हुए। कांवड़ मेले के कारण हर की पैड़ी कांवड़ियों से भरी पड़ी रहती है। हालांकि व्यापारी ने शोर भी मचाया लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। वह कांवड़ियों की भीड़ में ओझल हो गए। सूचना पर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर 30 हजार रुपये के नकली नोट जीडी में दाखिल कर लिए है। व्यापारी से आरोपियों की सारी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस तुरंत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुट गई है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने बीती 27 जून को वनकर्मियों के साथ मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपियों की गाड़ी से 52 हजार 500 रुपए के नकली नोट भी बरामद किए थे। तीनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई। इसके बाद देवेंद्र कुमार, गुलजार अहमद और शगुन नाम के आरोपी भी दबोचे गए। इन आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपए के नकली नोट बरामद हुए थे। मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार ने पूछताछ में बताया था कि उसने और गुलजार ने पहले बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपए के नकली नोट छापे थे। हरिद्वार से कुल मिलाकर इस गिरोह में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर श्यामपुर पुलिस ने जेल भेज दिया था।








