
चम्पावत। चम्पावत जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
चिकित्सकों ने नरेन्द्र राम (32 वर्ष), पुत्र हेम राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, जिला पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में हरी राम (60 वर्ष), पुत्र दानी राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, पिथौरागढ़, रोहित कुमार (26 वर्ष), पुत्र जगदीश राम, तथा जमन राम (63 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण राम घायल हुए हैं। रोहित कुमार वाहन चालक बताया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, घायलों को 108 सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय चम्पावत में भर्ती कराया गया। हरी राम के सिर में चोट लगने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हुईं और राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से घटना एवं रेस्क्यू की स्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान एसडीएम बीसी पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित एसडीआरएफ एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक मौके पर मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा दुर्घटना की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा घायलों के उपचार एवं आवश्यक सहायता के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं









