
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके हित में कई महत्वपूर्ण फैसले कराए हैं। व्यापारियों की मांगों को लेकर महापौर ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक समेत नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके बाद व्यापारियों को किराये और निर्माण अनुमति से जुड़ी राहत देने का निर्णय लिया गया।
महापौर के प्रयासों के बाद ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित किए जाने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया है। इससे व्यापारियों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दो मंजिला निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया है।
इस फैसले से व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार और विकास में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। साथ ही अनुमति प्रक्रिया में आने वाली अनावश्यक जटिलताओं से भी राहत मिल सकेगी।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा तथा पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट समेत कई व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









