
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के बाद मंगलवार को सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 6,97,547 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की एक प्रति उपलब्ध रहेगी।
नियमानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। मंगलवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उनके संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की एक-एक प्रति वितरित की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऐप या पोर्टल के माध्यम से भी नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे के अलावा भाजपा से मनीष पाल और हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस से संजू उप्रेती, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश कुमार, आईएनसी से मनोज शर्मा, शिवसेना से रूपेंद्र नागर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।











