
देहरादून। उत्तराखंड में चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का पहला चरण पूरा होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हो गई। इसमें 8.26 लाख वोट कट गए हैं। ये ऐसे वोटर हैं, जो अनुपस्थित, मृतक, शिफ्टेड, दोहरे की श्रेणी में आते थे। वहीं, 19.04 लाख मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनके एसआईआर प्रपत्र में विसंगतियां पाई गई हैं। इन सबको अब चुनाव आयोग 25 जुलाई से नोटिस जारी करेगा। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने इसकी जानकारी दी।
बताया कि मतदाता सूची में 71,33,785 मतदाता शामिल हैं। इसमें 52% पुरुष, (37,23,000) और 47% महिला(34,23,000) हैं। हरिद्वार में 12,45,000 , देहरादून में 11,90,000 ऊधमसिंह नगर में 11,55,000 मतदाता हैं। रुद्रप्रयाग के 1.80 लाख, चम्पावत में 1.88 लाख, बागेश्वर में 200919 मतदाता आये हैं। अब 15 सितंबर को मतदाता सूची आएगी। प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 11733 से बढ़कर 12543 हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई है। अगर आपने एसआईआर प्रपत्र भरा है तो वेबसाइट पर अपने वोटर आईडी के इपिक नंबर की मदद से अपना नाम सर्च कर लें। आप अपने बीएलओ के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, तहसीलदार, एसडीएम कार्यालय में भी ड्राफ्ट मतदाता सूची देख सकते हैं। मतदाता सूची में जिनका नाम होगा, इसका मतलब है कि उनका वोट सुरक्षित है। हो सकता है कि किसी विसंगति के कारण उन्हें नोटिस आ जाए।
जिन मतदाताओं ने समय से प्रपत्र न मिलने या किसी अन्य कारण से एसआईआर प्रपत्र नहीं भरा है और उनके बीएलओ ने उन्हें अनकलेक्टेबल श्रेणी में डाल दिया है, उनका वोट इस मतदाता सूची में नहीं होगा। लिहाजा, उन्हें नए सिरे से फॉर्म-6 भरना होगा। इसके साथ उन्हें एसआईआर जैसा ही घोषणा पत्र भी भरना होगा। इसके बाद ही उनका वोट बन सकेगा।









