बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की दिशा में धामी कैबिनेट का बड़ा कदम, वन भूमि डी-नोटिफाई करने पर बनी सैद्धांतिक सहमति

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में वर्षों से वन भूमि पर बसे बिन्दुखत्ता के हजारों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बिन्दुखत्ता समेत अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। सरकार अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस फैसले को बिन्दुखत्ता के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें रोजगार, स्वास्थ्य, शहरी विकास, श्रमिक कल्याण और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। बिन्दुखत्ता के साथ ऋषिकेश के बापूग्राम और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को भी इस फैसले से राहत मिलने की उम्मीद है। बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि को भी डी-नोटिफाई करने पर सहमति बनी है।

हरिद्वार में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए 21.08 किलोमीटर लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इनमें कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15 किलोमीटर लंबा होगा।

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब उन्हें 8300 रुपये के स्थान पर 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को दिया गया है। वहीं, वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में संशोधन करते हुए डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू किया जाएगा। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी मिली है।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। वहीं, खनन विभाग के जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, रॉयल्टी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया है।

इसके अलावा महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली, सेतु आयोग में आईटी से जुड़े पदों और पंचम विधानसभा के सत्रावसान को भी मंजूरी दी गई। अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की जाएगी। प्रदेश में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय भी लिया गया।

सम्बंधित खबरें