कैंची धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात संभालने में जुटी पुलिस

खबर शेयर करें -

नैनीताल। वीकेंड पर नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर शुक्रवार को पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कैंची धाम के साथ नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर मोर्चा संभाल लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में थाना, चौकी, सीपीयू और यातायात पुलिस की टीमें सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर तैनात रहीं। पुलिसकर्मी यातायात को नियंत्रित करने के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। यातायात दबाव वाले स्थानों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया गया, ताकि जाम की स्थिति न बने।


कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की। श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम तक पहुंचाया गया। वहीं मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए गए। पुलिस की इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से नीम करौली बाबा के दर्शन कराने का प्रयास किया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अनावश्यक ओवरटेकिंग नहीं करने और यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही जल्दबाजी में लेन बदलने से बचने को कहा गया। पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

सम्बंधित खबरें