मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में एकेडमिक ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम किया उद्घाटन: ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना का किया शुभारम्भ

खबर शेयर करें -

भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के अकादमिक ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए आज का यह दिन व अवसर उनके लिए विशेष है ,आज उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं।

उन्होंने कहा कि इन पाँच वर्षों में सरकार द्वारा राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश की समस्त जनता को ये विश्वास दिलाता हूं कि आगे भी हम इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे।और राज्य को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाएंगे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। प्रसन्नता है कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वो केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणा बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राफिक एरा ने यह सिद्ध किया है कि यदि संकल्प, गुणवत्ता और दूरदृष्टि साथ हों, तो उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान में बनाया नया एकेडमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा, उनकी प्रतिभा को नई उड़ान देगा तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को और अधिक गति देगा। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने भीमताल में अपने परिसर की स्थापना कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। जो केवल एक शैक्षणिक विस्तार नहीं, बल्कि संतुलित और समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, प्रताप सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या,शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेन्द्र सिंह ढेला, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टी सी, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ग्राफिक एरा ग्रुप के चैयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर, ओबीसी आयोग के सदस्य डॉ जेड ए वारसी, प्रकाश आर्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, संस्थान के प्रतिनिधि, छात्र छात्र आदि मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें