
देहरादून। एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में आरोपियों की 23 संपत्तियों को स्पेशल बड्स एक्ट के तहत अटैच कर लिया गया है। स्पेशल बड्स एक्ट न्यायालयों ने 25 करोड़ रुपये की कीमत वाली इन संपत्तियों को अटैच करने की अनुमति सीबीआई और संबंधित राज्यों के शासन को दे दी है। इनमें छह संपत्तियां देहरादून और 16 संपत्तियां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित हैं। जबकि, एक संपत्ति मुंबई खरीदी गई थी।
सीबीआई ने इस अटैचमेंट की कार्रवाई की जानकारी दी। सीबीआई ने पिछले साल नवंबर में उत्तराखंड में दर्ज 18 शिकायतों को आधार बनाकर प्राथमिकी दर्ज की थी। शुरुआत में यह घोटाला 800 करोड़ रुपये का था लेकिन इनमें से करीब 400 करोड़ रुपये निवेशकों को वापस कर दिया गया था।
सीबीआई की अब तक की जांच में घोटाले की रकम करीब 419 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। इस मामले में सीबीआई सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सीबीआई के अनुसार मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल जो कि अब दुबई में रह रहा हैं, ने कई संपत्तियां दूसरे लोगों के नाम से खरीदी हैं। इन्हें वह बेचने की फिराक में हैं।








