प्रतिनिधिमंडल मिला एसडीएम से बागजाला गांव की समस्याओं के समाधान की मांग

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। अखिल भारतीय किसान महासभा की बागजाला ग्राम कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी हल्द्वानी से बागजाला गांव की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुलाकात कर वार्ता की और 24 नवंबर 2025 को एसडीएम हल्द्वानी की मध्यस्थता में वन विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से हुई वार्ता के अनुरूप घरों, शौचालयों, मरम्मत के निर्माण कार्यों की सूची और गांव की सड़कों के किनारे स्ट्रीट लाइट या सोलर लाइट लगाने का ज्ञापन सौंपा। साथ ही बागजाला के निवासियों की पेयजल की समस्या का समाधान करने के लिए बन रही भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना की हर घर जल योजना के काम बागजाला में आ रही बाधाओं को हटाने की मांग की गई.

भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, बागजाला गांव में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है. जंगली जानवरों की बढ़ती संख्या ने खतरा और भी बढ़ा दिया है. उन्होंने कहा कि, पूरे देश में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय बनाने और खुले में शौच बंद करने का अभियान चल रहा है तब बागजाला गांव में शौचालय बनने पर रोक है, ऐसे में स्वच्छ भारत मिशन गांव में चलाने के लिये नये शौचालयों को बनाने में लगी रोक हटायी जानी चाहिए।

उपजिलाधिकारी हल्द्वानी ने जानकारी दी कि गांव की पेयजल की आपूर्ति की समस्या का समाधान हेतु प्रस्ताव बन गया है और यह प्रस्ताव वन विभाग से पारित होने के बाद जल जीवन मिशन की योजना शुरू हो जायेगी. साथ ही निर्माण कार्य की सूची पर विचार करने का उन्होंने आश्वासन दिया.

प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला के सचिव वेद प्रकाश, उपाध्यक्ष विमला देवी, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, भाकपा माले जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय, दीवान सिंह बर्गली, चन्दन सिंह मटियाली, हेमा देवी, ललिता देवी आदि शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें